ई- पेपर ऐप में फ्री शहर चुनें साइन इन

ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News देशभारत के लिए दोहरी खुशी; कल शांतिनिकेतन, आज होयसला मंदिर UNESCO लिस्ट में हुए शामिल

भारत के लिए दोहरी खुशी; कल शांतिनिकेतन, आज होयसला मंदिर UNESCO लिस्ट में हुए शामिल

ये मंदिर देश की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की गवाही देते हैं। होयसला मंदिर 12वीं-13वीं शताब्दी में बनाए गए थे। होयसला राजवंश कला और साहित्य के संरक्षक माने जाते रहे, जिनकी यह राजधानी थी।

Niteesh Kumarलाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्लीMon, 18 Sep 2023 10:03 PM
ऐप पर पढ़ें

कर्नाटक में होयसला के पवित्र मंदिर समूह को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है। बेलूर, हलेबिड और सोमनाथपुरा के होयसला मंदिरों को UNESCO की लिस्ट में जगह मिली है। ये देश की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की गवाही देते हैं। होयसला मंदिर 12वीं-13वीं शताब्दी में बनाए गए थे। होयसला राजवंश कला और साहित्य के संरक्षक माने जाते रहे, जिनकी यह राजधानी थी। मालूम हो कि होयसला के ये पवित्र स्मारक 15 अप्रैल 2014 से ही यूनेस्को की संभावित सूची में शामिल थे।

होयसला मंदिरों के समूह को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'भारत के लिए यह बड़े गौरव की बात है! होयसला के पवित्र स्मारकों को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है। होयसला मंदिरों की शाश्वत सुंदरता और जटिल विवरण भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रमाण है। यह हमारे पूर्वजों की असाधारण शिल्प कौशल को भी दर्शाता है।'

होयसला मंदिर संरक्षित स्मारक पहले ही घोषित
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के तहत तीन होयसला मंदिरों को संरक्षित स्मारक पहले ही घोषित किया जा चुका है। एएसआई की ओर से इनका संरक्षण और रखरखाव किया जाता है। कुछ दिनों पहले ही केंद्रीय संस्कृति, पर्यटन और उत्तर पूर्वी क्षेत्र के विकास मंत्री जी किशन रेड्डी ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के बेलूर, हलेबिड और सोमनाथपुरा के भव्य होयसला मंदिरों को 2022-2023 के लिए विश्व धरोहर स्थलों के लिए नामांकन के लिए अंतिम रूप दिया गया है।

शांतिनिकेतन भी यूनेस्को सूची में शामिल 
इससे पहले, रविवार को पश्चिम बंगाल के शांतिनिकेतन को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया था। शांतिनिकेतन में ही कवि रवींद्रनाथ टैगोर ने एक सदी पहले विश्वभारती की स्थापना की थी। यूनेस्को ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में यह घोषणा की। UNESCO ने कहा, 'यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शांतिनिकेतन शामिल। भारत को बधाई।' शांतिनिकेतन को इस सूची में शामिल करने का निर्णय सऊदी अरब में विश्व धरोहर समिति के 45वें सत्र के दौरान लिया गया। कोलकाता से 160 किमी दूर शांतिनिकेतन मूल रूप से रवींद्रनाथ टैगोर के पिता देबेंद्रनाथ टैगोर द्वारा बनाया गया एक आश्रम था, जहां जाति और पंथ से परे कोई भी, आ सकता था और शिक्षा ले सकता था।

zz link: zz